डेढ़ करोड़ का धान घोटाला समिति प्रबंधक और ऑपरेटर के खिलाफ एफआईआर

कवर्धा। कबीरधाम जिले के पंडरिया और लोहारा विकासखंड में डेढ़ करोड़ रुपए का धान घोटाला सामने आया है। खाद्य अधिकारी ने इसे शासन की धान उपार्जन नीति का गंभीर उल्लंघन बताते हुए समिति प्रबंधक और ऑपरेटर के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
विकासखंड पंडरिया क्षेत्र स्थित कामठी समिति में खाद्य विभाग की जांच के दौरान 3289 क्विंटल धान की फर्जी खरीदी-विक्रय का खुलासा हुआ है। इसी तरह लोहारा विकासखंड के धरमगढ में 1200 क्विंटल धान की हेरा फेरी सामने आई।
जांच में डेढ़ करोड़ की राशि के गबन की बात सामने आई है। प्रभारी प्रबंधक दयाराम पुसऊ, ऑपरेटर और अन्य संलिप्त लोगों ने आपस में मिलकर राशि का बंदरबांट किया। खाद्य विभाग के अनुसार उक्त राशि संबंधित समिति प्रबंधक, ऑपरेटर एवं अन्य दोषियों से वसूली योग्य है।
खाद्य अधिकारी चंद्र शेखर देवांगन ने इसे शासन की धान उपार्जन नीति का गंभीर उल्लंघन बताया है। साथ ही शासन को षड्यंत्रपूर्वक आर्थिक नुकसान पहुंचाने के आरोप में समिति प्रबंधक और ऑपरेटर के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने के कड़े निर्देश दिए गए।