नवा रायपुर के हॉस्टल से 15 लैपटॉप लेकर चोर फरार
रायपुर जिले में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां ट्रिपल आईटी रायपुर के हॉस्टल से चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर करीब 15 लैपटॉप चोरी कर लिए। बताया जा रहा है कि चोर काम के बहाने परिसर में घुसे थे और उस समय छात्र परीक्षा देने गए हुए थे, जिसका फायदा उठाकर उन्होंने आसानी से वारदात को अंजाम दिया। घटना राखी थाना क्षेत्र की है। चोरी की यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी है। घटना के बाद छात्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी है और संस्थान की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
