अंबिकापुर में 5 लाख की चोरी का खुलासा, घर के नौकर और ड्राइवर निकले चोर
सरगुजा जिले में पुलिस ने घर से 5 लाख रुपये की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला अंबिकापुर के गांधीनगर थाना क्षेत्र का है, जहां चोरी की साजिश घर के नौकर ईश्वर यादव और ड्राइवर ने मिलकर रची थी। जानकारी के अनुसार, पीड़ित सुभाष अग्रवाल परिवार और दोस्तों के साथ बाहर गए थे और घर की जिम्मेदारी नौकर व ड्राइवर को सौंप गए थे। इसी दौरान दोनों ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर घर में रखे 5 लाख रुपये पार कर दिए। चोरी के बाद आरोपियों ने पुलिस और पड़ोसियों को गुमराह करने के लिए नौकर ने खुद के हाथ-पैर बंधवाकर झूठी कहानी बनाई और अज्ञात चोरों द्वारा लूट की बात कही। पुलिस ने पूछताछ के दौरान संदेह के आधार पर नौकर और ड्राइवर से कड़ाई से पूछताछ की, जिसके बाद दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की रकम बरामद कर ली गई है। पुलिस ने एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
