बिहार में नीतीश कुमार ने महागठबंधन की नई सरकार के गठन के लिए दावा पेश किया

नई दिल्ली :- बिहार में नीतीश कुमार ने राज्‍य में नई सरकार के गठन का दावा पेश किया है। नीतीश कुमार ने कहा कि राज्‍यपाल फागु चौहान को 164 विधायकों के समर्थन की सूची सौंपी गई है। इनमें सात राजनीतिक दलों राष्‍ट्रीय जनता दल, कांग्रेस, हिन्‍दुस्‍तानी अवाम मोर्चा, वामदल के विधायक और एक स्‍वतंत्र विधायक शामिल है।

इससे पहले, नीतीश कुमार को जनता दल यूनाईटेड, राष्‍ट्रीय जनता दल और कांग्रेस के महागठबंधन का सर्वसम्‍मति से नेता चुना गया है। यह फैसला तीनों दलों की एक संयुक्‍त बैठक में लिया गया।

इससे पहले, जनता दल यूनाईटेड ने कांग्रेस और राष्‍ट्रीय जनता दल के सहयोग से राज्‍य में नई सरकार का गठन करने के लिए भारतीय जनता पार्टी के साथ अपना गठबंधन समाप्‍त कर दिया।

राष्‍ट्रीय जनता दल और कांग्रेस में नई सरकार के गठन करने के लिए नीतीश कुमार के समर्थन में पत्र दिया है। भारतीय जनता पार्टी से अलग होने का फैसला आज सुबह नीतीश कुमार की अध्‍यक्षता में जनता दल यूनाईटेड विधायक दल की बैठक में लिया गया।

जीतन राम मांझी के नेतृत्‍व वाले हिन्‍दुस्‍तानी अवाम मोर्चा ने भी अपनी राजनीतिक रणनीति तय करने के लिए विधायक दल की बैठक की और नीतीश कुमार को बिना शर्त समर्थन देने का फैसला किया।

बिहार विधानसभा में 243 सीटें हैं। इनमें राष्‍ट्रीय जनता दल के 79, जनता दल यूनाईटेड के 45, कांग्रेस के 19, वामदलों के 16 और हिन्‍दुस्‍तानी अवाम मोर्चा के चार विधायक हैं। विधानसभा में एक स्‍वतंत्र विधायक हैं। भारतीय जनता पार्टी के 77 विधायक हैं।