“दुर्घटना के बाद भी जिंदगी की जीत: मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना से मिली 10 लाख रुपये की मदद”

रायपुर :  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का एक महत्वपूर्ण उदाहरण सामने आया है, जहां मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना ने एक 25 वर्षीय युवक, शिराज हुसैन, की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। यह घटना 5 जुलाई की है, जब शिराज हुसैन अपनी मोटरसाइकिल पर कोण्डागांव से रायपुर जा रहा था। रास्ते में एक ट्रक से उसकी मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

दुर्घटना में उसके दोनों पैर ट्रक के नीचे आ गए, और उसकी स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई। उसके परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी खराब थी कि वे उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराने के खर्च का वहन नहीं कर सकते थे। शिराज की गंभीर चोटों के कारण उसे 90 फीसदी इन्फेक्शन का सामना करना पड़ा, जिसके परिणामस्वरूप डॉक्टरों को उसके दोनों पैर काटने का निर्णय लेना पड़ा।

मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत, राज्य सरकार ने शिराज को उपचार के लिए 10 लाख रुपये की सहायता प्रदान की। इस आर्थिक मदद ने उसके बेहतर उपचार को संभव बनाया और उसकी जान बचाई। शिराज की चिकित्सा के दौरान कई महत्वपूर्ण सर्जरी हुईं, जिनमें इन्पुटेशन, ग्राफ्टिंग, डिब्राइटमेंट और फ्लेप सर्जरी शामिल हैं। डॉक्टरों की कड़ी मेहनत और इस योजना के सहयोग से शिराज अब स्वस्थ हो रहा है और कुछ ही दिनों में उसे अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।

इस विशेष योजना का लाभ उठाने के लिए शिराज के परिवार ने स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल से संपर्क किया था। उन्होंने परिवार को मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के बारे में जानकारी दी और आवेदन करने का मार्गदर्शन किया, जिसके फलस्वरूप उन्हें आवश्यक सहायता मिली।

शिराज का विवाह छह महीने पहले हुआ था, और यह घटना उसके जीवन में एक बड़ा झटका थी। लेकिन अब, इस सहायता के माध्यम से, वह न केवल अपनी जिंदगी को फिर से संवारने की ओर बढ़ रहा है, बल्कि अपने परिवार के लिए भी एक नई उम्मीद बनकर उभरा है। यह घटना दर्शाती है कि कैसे सरकार की योजनाएँ जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती हैं और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।