CHHATTISGARHSTATE

भक्त माता कर्मा के सम्मान में CM साय ने किया विशेष डाक टिकट का विमोचन, छत्तीसगढ़वासियों के लिए की सुख-समृद्धि की प्रार्थना

रायपुर :  संतोषी नगर में एक भव्य समारोह के दौरान मुख्यमंत्री साय ने भक्त माता कर्मा के सम्मान में विशेष डाक टिकट का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने माता कर्मा की भक्ति, समर्पण और समाज सेवा के महान आदर्शों का उल्लेख करते हुए समस्त छत्तीसगढ़वासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि माता कर्मा का जीवन न केवल आध्यात्मिक चेतना से ओतप्रोत था, बल्कि उनके विचारों में सामाजिक समरसता, परोपकार और सेवा भाव की अद्भुत प्रेरणा थी। वे भगवान श्रीकृष्ण की अनन्य भक्त थीं और उनके प्रति उनकी निष्ठा अद्वितीय थी, जो आज भी जनमानस को प्रेरित करती है।

माता कर्मा का जीवन संदेश करुणा, प्रेम और समानता पर आधारित था, जो आज के समाज में भी प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में माता कर्मा जयंती का पर्व पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है, जिसमें विभिन्न समाजों की सहभागिता से एकता, सद्भाव और भाईचारे का वातावरण निर्मित होता है। इस दिन राज्यभर में भव्य शोभायात्राएँ, कलश यात्राएँ और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जिससे प्रदेश में सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा मिलता है।

मुख्यमंत्री ने माता कर्मा के जीवन मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान करते हुए कहा कि उनके आदर्श हमें समाज में करुणा, समानता और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने यह विश्वास जताया कि माता कर्मा के प्रति अटूट श्रद्धा और उनके आदर्शों का अनुसरण हमें एक समरस और समृद्ध समाज की स्थापना में मार्गदर्शन प्रदान करेगा। इस ऐतिहासिक क्षण में मुख्यमंत्री साय ने माता कर्मा का आशीर्वाद सभी के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि उनकी कृपा से प्रदेश में सदैव खुशहाली और शांति बनी रहे।