देशभर में ऑटोमोबाइल बिक्री की ग्रोथ में छत्तीसगढ़ टॉप पर पहुंचा
रायपुर। आटोमोबाइल बिक्री की ग्रोथ में इस वर्ष छत्तीसगढ़ इन 11 महीनों में ही देशभर में टाप स्थान पर पहुंच गया है। एक जनवरी से लेकर 30 नवंबर तक राज्य में छह लाख 69 हजार 285 वाहनों की बिक्री हुई। वर्ष 2023 के मुकाबले इन 11 महीनों में आटोमोबाइल बिक्री की ग्रोथ में छत्तीसगढ़ टाप पर है। यहां ग्रोथ रेट 18.57 प्रतिशत है। इसमें छत्तीसगढ़ ने दिल्ली 1.10, उत्तरप्रदेश 1.80, मध्यप्रदेश 4.35, बिहार 2.40 और राजस्थान 2.57 जैसे राज्यों से आगे निकल गया है। वर्ष 2023 की बात की जाए तो उस वर्ष पूरे साल में 5.50 लाख वाहनों की बिक्री हुई थी और इस वर्ष 11 महीनों में करीब 1.19 लाख वाहन ज्यादा बिके है।
फाडा छत्तीसगढ़ के चेयरपर्सन अनिल अग्रवाल ने बताया कि राज्य में ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सुधार हुआ है। इसके चलते शहरी क्षेत्रों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी खरीदारी बढ़ी है। इसके साथ ही आटोमोबाइल कंपनियां आकर्षक छूट स्कीम के साथ ही फाइनेंस स्कीम भी दे रही है। इसे काफी पसंद किया जा रहा है।
राज्य सरकार की योजनाओं से ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुधरी
इस ग्रोथ के पीछे सबसे बड़ी वजह राज्य सरकार की योजनाएं है। प्रदेश में कृषि, शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार,स्व-रोजगार, तकनीक जैसे सेक्टर आगे बढ़ रहे है।योजनाओं के चलते प्रदेश की अर्थव्यवस्था लगातार मजबत हो रही है। इससे लोगों की खरीदी की क्षमता भी बढ़ जाती है। किसानों को दो वर्ष का बकाया धान बोनस देने से 13 लाख किसानों के बैंक खातों में 3,716 करोड़ की राशि पहुंची। साथ ही कृषक उन्नति योजना से राज्य के 24 लाख 75 हजार किसानों के को 13 हजार 320 करोड़ का भुगतान हुआ।