अमित शाह पूरे प्रदेश में डॉयल 112 सेवा का विस्तार, बस्तर में विकास योजनाओं की शुरुआत

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने जानकारी दी कि राज्य में डॉयल 112 सेवा का विस्तार किया जा रहा है, जो पहले 16 जिलों में लागू थी और अब इसे पूरे प्रदेश में शुरू किया जाएगा। 18 मई को रायपुर पुलिस लाइन से केंद्रीय गृहमंत्री शाह डॉयल 112 की 400 गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे, साथ ही 33 जिलों में सर्वसुविधा युक्त वाहनों की शुरुआत भी की जाएगी। इस दौरान प्रदेश को फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री की स्थापना की सौगात भी मिलेगी। अपने दौरे के तहत शाह 18 मई को बस्तर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे, जहां नेतानार सुरक्षा केंद्र को जनसुविधा केंद्र के रूप में विकसित करने की शुरुआत करेंगे और सुरक्षा कैंपों में अस्पताल, स्कूल तथा आंगनबाड़ी जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इसके अलावा वे शहीद जवानों के परिजनों और नक्सल हिंसा से प्रभावित लोगों से भी मुलाकात करेंगे। 19 मई को वे मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल होंगे, हालांकि बस्तर में उनका नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम वर्तमान परिस्थितियों के कारण रद्द कर दिया गया है।