NATIONALPOLITICAL

उत्तर प्रदेश में बढ़ते जल प्रदूषण पर अखिलेश यादव का प्रहार: योगी सरकार को बताया भ्रष्टाचारी

रायपुर:  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की नदियों में बढ़ते प्रदूषण और उद्योगों द्वारा छोड़े जा रहे गंदे पानी को लेकर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सरकार को भ्रष्टाचारी करार देते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश की नदियों और नहरों में बिना किसी रोक-टोक के औद्योगिक कचरा बहाया जा रहा है, जिससे पर्यावरण और आम जनता की सेहत पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

अखिलेश यादव ने इस मुद्दे को उजागर करते हुए अपने आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) हैंडल से एक वीडियो साझा किया, जिसमें मुजफ्फरनगर की गंगा नहर में कारखानों का गंदा पानी बहने की स्थिति को दिखाया गया है। इस वीडियो के आधार पर उन्होंने प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया और कहा कि सरकार की लापरवाही और उदासीन रवैये के कारण न केवल जलस्रोत दूषित हो रहे हैं, बल्कि इससे सिंचाई योग्य भूमि भी प्रदूषित हो रही है, जिससे प्रदेश की खेती और किसानों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।

उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि उत्तर प्रदेश की भ्रष्टाचारी शासन व्यवस्था ने नदियों को प्रदूषित कर दिया है, जिससे प्रशासन की नाकामी भी उजागर हो रही है। उन्होंने आगे कहा कि न तो सरकार इस समस्या को गंभीरता से ले रही है और न ही प्रदूषण नियंत्रण से जुड़ी एजेंसियां इस पर कोई ठोस कदम उठा रही हैं। सपा अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार पर कटाक्ष करते हुए सवाल किया कि क्या अब सरकार जनता द्वारा तैयार की गई प्रदूषित जल की रिपोर्ट को भी बदलवाने का प्रयास करेगी? उन्होंने अपने संदेश में जनता से आह्वान किया कि वह इस भ्रष्टाचार और लापरवाही के खिलाफ आवाज उठाए और भाजपा सरकार को सत्ता से बेदखल करने के लिए तैयार हो जाए।