स्मार्ट मीटरिंग में छत्तीसगढ़ की तेज रफ्तार, देशभर में चौथे स्थान पर पहुंची सीएसपीडीसीएल
रायपुर। स्मार्ट मीटरिंग के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज करते हुए देशभर में चौथा स्थान हासिल किया है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) द्वारा स्मार्ट मीटरिंग परियोजना के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति, उपलब्धियों और चुनौतियों से अवगत कराने के लिए ऑल इंडिया डिस्कॉम एसोसिएशन (एआईडीए) के प्रतिनिधियों के लिए दो दिवसीय फील्ड विजिट का आयोजन किया गया। इस दौरान एआईडीए के डायरेक्टर जनरल एवं सेवानिवृत्त आईएएस श्री आलोक कुमार ने स्मार्ट मीटरिंग की वर्तमान स्थिति और भविष्य की कार्ययोजना पर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीएसपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने बताया कि कंपनी स्मार्ट मीटरिंग के क्षेत्र में तेजी से लक्ष्य हासिल कर रही है। फीडर मीटरिंग में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। वहीं, सरकारी कार्यालयों में निर्धारित 1.73 लाख मीटर के लक्ष्य के विरुद्ध 1.56 लाख मीटर स्थापित किए जा चुके हैं, जो लगभग 90 प्रतिशत उपलब्धि है। इनमें से 52 प्रतिशत मीटर प्रीपेड मोड में संचालित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य में लगभग 66 लाख उपभोक्ताओं के बीच उपभोक्ता स्मार्ट मीटरिंग का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब तक लगभग 57 लाख उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। कमर्शियल उपभोक्ताओं की मीटरिंग में भी 76 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई है। इसी तरह शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में वितरण ट्रांसफार्मर मीटरिंग का कार्य 64 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए निर्धारित 39,802 मीटर के लक्ष्य के विरुद्ध 23,136 मीटर स्थापित किए जा चुके हैं, जो लगभग 58 प्रतिशत प्रगति दर्शाता है।
श्री कंवर ने कहा कि स्मार्ट मीटरिंग के क्षेत्र में देशभर में चौथा स्थान हासिल करना कंपनी के सुनियोजित प्रयासों, बेहतर कार्यप्रबंधन और अधिकारियों-कर्मचारियों की प्रतिबद्धता का परिणाम है। शेष कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने के लिए एएमआईएसपी के अंतर्गत मेसर्स टाटा पावर, मेसर्स जीनस पावर और मेसर्स हाईप्रिंट को मार्च एवं अप्रैल 2027 तक का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (ओएंडएम)एस.आर.बी. खंडेलवाल ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से स्मार्ट मीटरिंग परियोजना की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि सीएसपीडीसीएल के अंतर्गत वर्तमान में लगभग 67 लाख उपभोक्ता हैं, जिनकी वार्षिक निविष्ट ऊर्जा 39,709 मिलियन यूनिट (एमयू) है।
उन्होंने स्मार्ट मीटरिंग के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन के दौरान सामने आई चुनौतियों का उल्लेख करते हुए बताया कि नई तकनीक को अपनाना, योजना को लेकर उपभोक्ताओं के बीच व्याप्त भ्रांतियां और मीटर रीडरों की रोजगार संबंधी असुरक्षा प्रमुख चुनौतियां थीं। कंपनी ने प्रभावी संवाद, जागरूकता और बेहतर प्रबंधन के माध्यम से इन चुनौतियों पर काफी हद तक काबू पाया है।
श्री खंडेलवाल ने बताया कि स्मार्ट मीटरिंग से बिजली चोरी पर अंकुश लगाने, बिजली खपत की रियल टाइम मॉनिटरिंग, पारदर्शी बिलिंग और प्रीपेड मीटर की सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। वहीं, फीडर स्तर पर शत-प्रतिशत मीटरिंग से एटीएंडसी (AT&C) हानियों को कम करने और वितरण व्यवस्था की दक्षता बढ़ाने में भी सहायता मिलेगी। कंपनी ने मार्च 2027 तक सभी श्रेणियों में स्मार्ट मीटरिंग का कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
कार्यक्रम के दौरान सीएसपीडीसीएल के ‘मोर बिजली एप’ और ‘प्रकाश एप’ के बहुपयोगी फीचर्स भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। ईआईटीसी के मनोज बजाज ने इन एप की कार्यप्रणाली और उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। एप के फीचर्स और उनकी उपयोगिता की एआईडीए के प्रतिनिधियों सहित उपस्थित अधिकारियों ने सराहना की।
दो दिवसीय इस आयोजन में कार्यपालक निदेशक वी.के. साय, ए.एम. परियल, एम. जामुलकर, मुख्य अभियंता संजीव सिंह, ए.के. लखेरा सहित सीएसपीडीसीएल एवं अन्य विद्युत कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उपमहाप्रबंधक (जनसंपर्क) गोविंद सिंह पटेल ने किया।
