जमीन सौदे और वित्तीय लेन-देन की जांच जीतू पटवारी के परिवार तक पहुंची पुलिस
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) अध्यक्ष जीतू पटवारी के परिवार से जुड़े शुभम वैली जमीन मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। मामले में जीतू पटवारी के भाई भरत पटवारी से पुलिस ने करीब 5 घंटे तक पूछताछ की, जबकि इससे पहले उनके दूसरे भाई नाना पटवारी से भी पूछताछ की जा चुकी है। जांच टीम विवादित प्लॉटों, जमीन के सौदों और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। पुलिस ने संबंधित फर्म के बैंक खातों की जानकारी भी तलब की है, ताकि पैसों के लेन-देन की पूरी जानकारी जुटाई जा सके। इसके अलावा प्रॉपर्टी कारोबारी सुमित पटेल को भी नोटिस जारी कर पूछताछ की तैयारी की जा रही है। पुलिस जमीन सौदों, ड्रग्स, ऑनलाइन सट्टेबाजी और संभावित वित्तीय कनेक्शन की हर कड़ी की जांच कर रही है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके।
