अवैध लकड़ी तस्करी का भंडाफोड़, 9 लाख की इमारती लकड़ी और क्रेन जब्त
कोरबा पुलिस ने बेशकीमती इमारती लकड़ी की चोरी और अवैध परिवहन के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 9 लाख रुपये मूल्य की 20.169 घन मीटर इमारती लकड़ी और परिवहन में इस्तेमाल की गई एक क्रेन जब्त की है। शुरुआत में वन विभाग को केवल 7 पेड़ों की अवैध कटाई की शिकायत मिली थी, लेकिन गहन जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह मामला कहीं बड़ा निकला। जांच में पता चला कि लकड़ी को कोरबा से रायपुर-अभनपुर तक अवैध रूप से ले जाया गया था। वन परिक्षेत्र अधिकारी की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन रामपुर में मामला दर्ज किया गया और प्रदेश स्तर पर गठित संयुक्त जांच दल ने कार्रवाई करते हुए लकड़ी और क्रेन बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 673/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएँ 303(2), 316(5) और 317(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
