दो वाहनों की चपेट में आने से मेकाज कर्मी की मौत
जगदलपुर। बीती रात महिंद्रा शोरूम के आगे दो वाहनों की चपेट में आने से मेकाज में पदस्थ वार्ड बॉय प्रवीण बाघमारे की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अस्पताल स्टाफ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पुलिस वाहनों की तलाश कर रही है।
प्रवीण बाघमारे मेकाज के एक्सरे विभाग में कार्यरत थे। वह अपनी दुपहिया वाहन पर सवार होकर जा रहे थे। महिंद्रा शोरूम के पास सामने से आ रही एक चारपहिया वाहन ने उन्हें ठोकर मार दी। जैसे ही प्रवीण जमीन पर गिरे, पीछे से आ रहे एक बोलेरो वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
इस हादसे में प्रवीण की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मेकाज अधीक्षक डॉक्टर अनुरूप साहू अस्पताल पहुंचे और देर रात तक परिवार के साथ रहे। उन्होंने डॉक्टरों को प्रवीण के शव का जल्द पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने का निर्देश दिया।
मेकाज जाने वाले गीदम रोड पर लाइट और डिवाइडर की कमी है। अंधेरा और डिवाइडर न होने के कारण वाहन चालक मनमानी रफ्तार से चलते हैं। वे अपनी गति कम करने के बजाय और तेजी से वाहन चलाते हैं। इसी वजह से लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ती है। प्रवीण के निधन के बाद अस्पताल स्टाफ में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार को मेकाज के हॉल में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
