भोपाल के कोहेफिजा थाने में बड़ी कार्रवाई, SI के.जी. शुक्ला निलंबित पूरे स्टाफ की जांच शुरू

राजधानी भोपाल के कोहेफिजा थाने में पदस्थ टू-आई (सेकंड-इन-कमांड) उपनिरीक्षक के.जी. शुक्ला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई डीसीपी (जोन-3) आयुष गुप्ता ने की है। उपनिरीक्षक के खिलाफ लंबे समय से भ्रष्टाचार, अवैध गतिविधियों को संरक्षण देने और अपराधियों से सांठगांठ जैसी गंभीर शिकायतें मिल रही थीं। इसके अलावा थाने के कामकाज में अनियमितताओं की शिकायतें भी सामने आई थीं, जिन्हें गंभीरता से लेते हुए पुलिस विभाग ने यह कदम उठाया है। इस कार्रवाई के बाद अब कोहेफिजा थाने के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पूरे थाने के स्टाफ के खिलाफ विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच में यदि किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की अपराधियों से मिलीभगत या भ्रष्टाचार में संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली के तहत भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।