CHHATTISGARH

कवर्धा में मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति, गृह मंत्री और सांसद समर्थकों में श्रेय लेने की होड़

कवर्धा। कवर्धा जिले को 50 सीटों वाले मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रवेश की स्वीकृति मिलने के बाद राजनीतिक गलियारों में श्रेय लेने की होड़ तेज हो गई है। कवर्धा विधायक एवं प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा और सांसद संतोष पांडे, दोनों के समर्थक इस उपलब्धि को अपने-अपने नेता के प्रयासों का परिणाम बताते हुए सोशल मीडिया पर केंद्रीय मंत्री के साथ तस्वीरें और बधाई संदेश साझा कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं के समर्थक लगातार पोस्ट और फोटो वायरल कर रहे हैं। गृह मंत्री विजय शर्मा के समर्थक इसे उनकी पहल और प्रयासों का परिणाम बता रहे हैं, वहीं सांसद संतोष पांडे के समर्थक केंद्र सरकार और सांसद की सक्रिय भूमिका का उल्लेख कर रहे हैं। इसे लेकर जिले में राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है।
कवर्धा में 50 सीटों के साथ मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रवेश की स्वीकृति मिलने से जिले और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बड़ा लाभ मिलेगा। इससे चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर खुलेंगे और भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
हालांकि, आम लोगों का कहना है कि मेडिकल कॉलेज जैसी बड़ी सौगात किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। लोगों का मानना है कि अब सबसे जरूरी बात मेडिकल कॉलेज का समय पर संचालन, आवश्यक अधोसंरचना का विकास और बेहतर चिकित्सा शिक्षा सुनिश्चित करना है।