शिक्षकों की कमी से ठप हुई पढ़ाई, ग्रामीणों ने तीन स्कूलों में की तालाबंदी
छत्तीसगढ़ के बालोद ब्लॉक के लिमोरा गांव में शिक्षकों की कमी से नाराज ग्रामीणों ने बड़ा कदम उठाते हुए प्राइमरी, मिडिल और हायर सेकेंडरी तीनों स्कूलों के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। ग्रामीणों का कहना है कि इन स्कूलों में करीब 200 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं, लेकिन उन्हें पढ़ाने के लिए सिर्फ 12 शिक्षक ही मौजूद हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षकों की कमी को लेकर कई बार प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद मजबूर होकर उन्होंने तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया। स्कूल बंद होने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पालकों व बच्चों को समझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
