मछली पकड़ने गया ग्रामीण नाले में बहा

कोरबा। कटघोरा के डिंडोलभाठा गांव का एक ग्रामीण नाले में मछली पकड़ने नाले में गया था। इसी दौरान तेज बहाव में बह गया। एसडीआरएफ और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आज सुबह उसका शव बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, डिंडोलभाठा निवासी 52 वर्षीय बंधु लोहार सोमवार सुबह 10 बजे गांव के पास स्थित नाले में मछली पकड़ने गया था। सोमवार रात तक जब वे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। काफी ढूंढने के बाद भी पता न चलने पर मंगलवार सुबह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
इसकी सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नाले में पानी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू में दिक्कत आ रही थी। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने मंगलवार को दिनभर नाले में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अंधेरा होने और पानी का बहाव तेज होने की वजह से काम रोकना पड़ा।
गौरतलब है कि यह नाला आगे चलकर अहिरन नदी में मिलता है। लगातार बारिश के कारण नदी और नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ था, जिससे रेस्क्यू अभियान प्रभावित हुआ। आज सुबह फिर से एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने बंधु लोहार का शव नाले से बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।