छत्तीसगढ़ के सपूत मेजर जनरल सुधीर कुमार शर्मा को अति विशिष्ट सेवा मेडल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए गौरव और सम्मान का क्षण तब आया जब प्रदेश के पाटन से जुड़े मेजर जनरल सुधीर कुमार शर्मा को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने अति विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया। यह सम्मान भारतीय सेना में उनके उत्कृष्ट नेतृत्व, विशिष्ट सेवाओं और राष्ट्र के प्रति असाधारण योगदान के लिए प्रदान किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है।
मेजर जनरल शर्मा ने लगभग चार दशकों तक देश की सेवा करते हुए अनेक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर, सियाचिन, कारगिल और पूर्वोत्तर भारत जैसे अत्यंत चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में सेवा दी तथा अनेक आतंकवाद-रोधी और उग्रवाद-रोधी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे भारतीय सेना के प्रशिक्षित हेलीकॉप्टर पायलट भी हैं और विभिन्न परिचालन अभियानों में हेलीकॉप्टर उड़ाकर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
बता दें मेजर जनरल शर्मा ने लगभग साढ़े तीन वर्षों तक फ्रांस में भारत के रक्षा अताशे के रूप में भी कार्य किया। उनके दायित्वों में फ्रांस के साथ-साथ बेल्जियम, नीदरलैंड्स और लक्ज़मबर्ग भी शामिल थे। उनके कार्यकाल के दौरान भारत और फ्रांस के बीच रक्षा सहयोग को नई गति मिली। इसी अवधि में राफेल लड़ाकू विमान और स्कॉर्पीन पनडुब्बी जैसी महत्वपूर्ण रक्षा परियोजनाओं में उल्लेखनीय प्रगति हुई। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके कार्यकाल के दौरान चार बार फ्रांस का दौरा किया, जिनमें दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग को और मजबूती मिली।
वर्तमान में मेजर जनरल सुधीर कुमार शर्मा इंडो-रशियन राइफल्स प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक हैं। उनके नेतृत्व में भारत सरकार की आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया पहल के अंतर्गत रूस के सहयोग से भारतीय सेना के लिए छह लाख अत्याधुनिक ए के-203 असॉल्ट राइफलों का निर्माण किया जा रहा है। यह परियोजना भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है। इससे पूर्व मेजर जनरल शर्मा को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए दो बार सेना मेडल तथा विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है। अति विशिष्ट सेवा मेडल उनके सैन्य जीवन का चौथा प्रमुख राष्ट्रीय सैन्य सम्मान है। छत्तीसगढ़ के विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संगठनों ने मेजर जनरल सुधीर कुमार शर्मा को इस उपलब्धि पर बधाई दी है।