रायगढ़, धमतरी और कोरबा में सड़क हादसे, दो की गई जान, दो अस्पताल में भर्ती

छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार को रायगढ़, धमतरी और कोरबा जिलों में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। रायगढ़ के पुसौर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से एक ग्रामीण की जान चली गई, जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। वहीं धमतरी के श्यामतराई क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उधर कोरबा के बालको थाना क्षेत्र के रिंग रोड पर तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन चालकों की तलाश की जा रही है।