कृषि केंद्र से 1205 बोरी अवैध खाद बरामद
आरंग। रायपुर जिला कृषि विभाग ने समोदा स्थित कृषि केंद्र में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित उर्वरक जब्त किया है। गोदाम से कुल 1205 बोरी (60.25 मीट्रिक टन) अवैध खाद बरामद की गई है। संचालक ने गोदाम तथा प्राधिकार पत्र के ‘स्रोत प्रमाण पत्र’ में बिना किसी एंट्री के अवैध रूप से भारी मात्रा में उर्वरकों का भंडारण किया गया था।
कृषि विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त सभी 1205 बोरियों को उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 के कड़े प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया है। सुरक्षा और नियमानुसार, जब्त किए गए इस विशाल भंडार को सुरक्षित अभिरक्षा के लिए फिलहाल मेसर्स वर्मा कृषि केंद्र समोदा को ही सुपुर्द किया गया है। विभाग द्वारा मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर आगामी वैधानिक कार्रवाई हेतु कलेक्टर को प्रेषित कर दी गई है।
कृषि विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, पूरे जिले में उर्वरकों के परिवहन, भंडारण और वितरण पर कृषि विभाग के ‘उड़नदस्ता’ और स्थानीय टीमें सतत् निगरानी बनाए हुए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि जिले में किसी भी स्तर पर उर्वरकों की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर खाद बेचने वालों के लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे। वहीं अवैध भंडारण और जमाखोरी पाए जाने पर संबंधित फर्म के खिलाफ कड़ी कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
