जमीन विवाद में दिव्यांग बेटे ने माँ की लाठी से पीटकर हत्या, पिता गंभीर
कोरबा। जमीन बंटवारे के विवाद में उरगा थाने के चीतापाली गांव में दिव्यांग बेटे ने अपनी ही मां की लाठी से पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद पिता पर भी हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने कुछ ही घंटों बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम चीतापाली निवासी रामकुमार यादव बहुत समय से परिवार की जमीन के बंटवारे की मांग कर रहा था। परिजनों द्वारा बंटवारे से इनकार किए जाने पर उसने गुस्से में आकर अपनी मां जानकुंवर यादव के सिर पर लाठी से वार कर दिया। इससे उनकी उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मां को बचाने पहुंचे पिता श्याम लाल यादव पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। इसमें उनका पैर फ्रैक्चर हो गया, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है। आरोपी रामकुमार दिव्यांग है और लाठी के सहारे चलता है। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया था। आज सुबह उरगा थाना पुलिस ने उसे ग्राम अंजोरीपाली से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है। इस घटना के बाद चीतापाली गांव में शोक का माहौल है।
