शराब पीने से रोकना पड़ा भारी, दबंगों ने युवक को बेल्ट से पीटा; वीडियो वायरल

मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले से दबंगई का मामला सामने आया है, जहां शराब पीने से रोकना एक युवक को भारी पड़ गया। पृथ्वीपुर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव में किशन रैकवार नामक युवक ने कुछ लोगों को बीच सड़क शराब पीने से मना किया था। आरोप है कि इसी बात से नाराज तीन युवकों ने उसे घेरकर मारपीट की और बेल्ट से जमकर पीटा। इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।