आबकारी विभाग ने पकड़ी तुलसी नगर में अवैध शराब बनाने की फैक्ट्री
शहर में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तुलसी नगर क्षेत्र के एक बंगले में संचालित अवैध शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में विभाग ने 144 बल्क लीटर अवैध शराब, शराब बनाने की मशीन और अन्य सामग्री जब्त की है। मौके से आरोपी विनोद तलइया को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह तैयार शराब की सप्लाई इंदौर के साथ-साथ राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में भी करता था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि शराब को ‘केसर कस्तूरी’ नाम से बेचा जा रहा था। आबकारी विभाग को आशंका है कि यह शराब स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकती है, इसलिए इसके नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। फिलहाल विभाग पूरे नेटवर्क की जांच कर रहा है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध कारोबार से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
