NATIONALPOLITICAL

बच्चों की किताबों पर राजनीति का आरोप, NCERT के मुद्दे पर कांग्रेस का भाजपा पर हमला

मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने एनसीईआरटी की कक्षा 9 की किताब में आपातकाल को शामिल किए जाने को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शिक्षा और बच्चों की किताबों को भी राजनीति का हिस्सा बना रही है। रायपुर में कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से जुड़ी प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजनीति जरूर करती है, लेकिन बच्चों के भविष्य को इसमें शामिल नहीं करती। उन्होंने नीट परीक्षा विवाद और एनटीए की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार को घेरा और कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पहली बार इस तरह के विवाद देखने को मिल रहे हैं। वहीं छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि इतिहास को अपने तरीके से प्रस्तुत करने की कोशिश की जा रही है और भाजपा सरकारें किताबों व इतिहास को अपनी विचारधारा के अनुसार बदल रही हैं। उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं के इस्तेमाल को लेकर भी केंद्र सरकार पर आरोप लगाए।