दिव्यांगों ने कलेक्टर से लगाई गुहार, शिक्षा-रोजगार और सुविधाओं की रखी मांग
दिव्यांगजनों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर नवागत कलेक्टर गौरव बैनल से मुलाकात की और अपनी विभिन्न समस्याओं व लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने दिव्यांगों को आत्मनिर्भर बनाने, शिक्षा, रोजगार और सम्मानजनक जीवन के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट से अधिकृत राहुल शाह ने दिव्यांग समुदाय की समस्याओं को प्रमुखता से रखा और बताया कि वे मूकबधिरों के अधिकारों की रक्षा एवं न्यायिक प्रक्रिया में उनकी सहायता के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सिंगरौली में बंद पड़े मूकबधिर बच्चों के विशेष विद्यालय को दोबारा शुरू करने, CSR फंड के माध्यम से कौशल विकास और रोजगार प्रशिक्षण देने, BERA टेस्ट, साइन लैंग्वेज विशेषज्ञ और सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने की मांग रखी। साथ ही दिव्यांगजनों की प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के अवसर उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया गया।
