दो मंजिला मकान गिरा, मलबे में दबकर 15 वर्षीय किशोर की मौत

उज्जैन के जीवाजीगंज थाना क्षेत्र के हम्मालवाड़ी इलाके में बड़ा हादसा सामने आया है, जहां दो मंजिला रिहायशी मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय घर में 8 लोग मौजूद थे, जिनमें से 15 वर्षीय अरशान कुरैशी की मलबे में दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत रेस्क्यू कर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। शुरुआती जांच में हादसे की वजह पड़ोस में चल रहे निर्माण कार्य के कारण मकान की नींव कमजोर होना बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।