दुर्ग में गुटखा और पैकिंग मशीन समेत कच्चा माल जब्त

दुर्ग जिले में पुलिस ने अवैध गुटखा निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गुटखा और उसके निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की है। मामला जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के कचांदुर गांव का है, जहां डिटर्जेंट पाउडर बनाने के नाम पर किराए पर लिए गए गोदाम में जर्दा युक्त गुटखा तैयार और पैकिंग किया जा रहा था। गोदाम मालिक को किराएदार के कई दिनों तक संपर्क में नहीं रहने और मोबाइल बंद मिलने पर शक हुआ, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो वहां से 32 बड़े बोरों में तैयार गुटखा, 32 बोरों में मीठी सुपारी, कच्चा माल, पैकिंग और मिक्सिंग मशीन बरामद की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फूड सेफ्टी विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।