CHHATTISGARH

मनरेगा भुगतान और भ्रष्टाचार को लेकर सरपंचों ने कलेक्टोरेट घेरा

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला में तीनों विकासखंडों के सरपंचों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। सरपंचों ने जिला पंचायत और कलेक्टर कार्यालय का घेराव करते हुए आरोप लगाया कि उनकी शिकायतों और मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने मनरेगा कार्यों में कथित भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी, भुगतान में लंबी देरी तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं में अनावश्यक बाधाओं का मुद्दा उठाया। सरपंचों का कहना था कि पंचायतों पर लगातार जिम्मेदारियां बढ़ाई जा रही हैं, लेकिन उन्हें न तो पर्याप्त सहयोग मिल रहा है और न ही सम्मान। घंटों इंतजार के बावजूद कलेक्टर से मुलाकात नहीं होने पर उनकी नाराजगी और बढ़ गई। उन्होंने राज्य सरकार के “सुशासन तिहार” कार्यक्रम की भी आलोचना की और चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे व्यापक आंदोलन, ग्राम सभाओं के बहिष्कार और सामूहिक इस्तीफे जैसे कदम उठा सकते हैं।