ऑनलाइन बेटिंग एप के जरिये अवैध सट्टा का सञ्चालन करने वाले तीन गिरफ्तार
दुर्ग। पुलिस ने ऑनलाइन जुआ और सट्टा संचालन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खुर्सीपार स्थित आईटीआई मैदान क्षेत्र से तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी “अन्ना रेड्डी” नामक ऑनलाइन बेटिंग एप्लीकेशन के जरिए अवैध सट्टा संचालन और वित्तीय लेन-देन में शामिल थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, लैपटॉप, हार्ड डिस्क, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य बैंकिंग दस्तावेज बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भिलाई निवासी अजय कुमार मिश्रा, करण कुमार सिंह और बिहार निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान तीनों ने ऑनलाइन सट्टा संचालन और अवैध वित्तीय लेन-देन में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपी आईपीएल सीजन के दौरान झारखंड के रांची में रहकर भी ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का संचालन कर रहे थे। पुलिस को इस दौरान उनकी गतिविधियों से जुड़े डिजिटल और वित्तीय साक्ष्य भी मिले हैं।
जांच में पता चला कि आरोपी आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को पैसे का लालच देकर उनके नाम पर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाते थे। इसके बाद इन खातों का उपयोग अवैध सट्टा और जुआ से प्राप्त रकम को ट्रांसफर, छिपाने और निकासी के लिए किया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 62 पासबुक, 81 एटीएम कार्ड, 5 चेकबुक, 13 मोबाइल फोन और 11 सिम कार्ड जब्त किए हैं।
खुर्सीपार थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2), 318(3), 318(4), 319 तथा छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 5, 6 और 7 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि बरामद डिजिटल उपकरणों और बैंक खातों की तकनीकी व वित्तीय जांच जारी है, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।
