जगदलपुर में एनआईए के विशेष न्यायाधीश की हुई नियुक्ति

जगदलपुर। बड़ी नक्सली घटनाओं से जुड़े मामलों की न्यायिक मामलों की सुनवाई लिए जगदलपुर में एनआईए के विशेष न्यायाधीश की नियुक्ति की गई है।
वर्ष 2013 का झीरम घाटी हमला, दंतेवाड़ा में भाजपा विधायक भीमा मंडावी की हत्या और नारायणपुर में भाजपा नेता की हत्या जैसे 12 मामले राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बने थे। इन घटनाओं की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने की और इनके प्रकरण विशेष अदालत में विचाराधीन हैं।
अब तक इन मामलों की सुनवाई अलग-अलग व्यवस्थाओं के तहत चल रही थी, लेकिन विशेष जज की नियुक्ति के बाद एनआईए से जुड़े सभी महत्वपूर्ण मामलों की सुनवाई अधिक व्यवस्थित और तेज गति से होने की उम्मीद है। जानकारी के अनुसार 12 बड़े मामले एनआईए कोर्ट में लंबित हैं, जिनमें बस्तर से जुड़े कई चर्चित प्रकरण शामिल हैं।
विशेष अदालत की व्यवस्था से गवाहों, पीड़ित परिवारों और जांच एजेंसियों को भी सुविधा मिलेगी। साथ ही वर्षों से लंबित मामलों में न्यायिक प्रक्रिया को गति मिलने की संभावना बढ़ गई है।