जंगल में जुआ पुलिस की छापेमारी में 2 आरोपी गिरफ्तार, 3 बाइक जब्त

बलरामपुर जिले में अवैध जुआ, सट्टा और शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने दहेजवार जंगल में चल रहे जुए के फड़ पर छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि कई लोग अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में 5 जून की शाम मुखबिर की सूचना पर टीम ने दहेजवार गोठान के पास जंगल में घेराबंदी की, जहां कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस को देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दीपक गुप्ता और रामप्रसाद के रूप में हुई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 3 हजार रुपये नकद और जुए में प्रयुक्त 3 मोटरसाइकिल जब्त की हैं। वहीं अन्य आरोपी फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।