CMO के निलंबन की मांग पर व्यापारियों का प्रदर्शन, दुकानें बंद कर जताया विरोध

जरहागांव नगर पंचायत में शुक्रवार को व्यापारियों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) शुभम बक्तानी के निलंबन और उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर दुकानें बंद रखकर धरना-प्रदर्शन किया। अटल व्यापारी कल्याण समिति के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए। व्यापारियों का आरोप है कि बाजार परिसर में व्याप्त अव्यवस्थाओं, लंबित समस्याओं और कथित अनियमितताओं के बावजूद नगर प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने बताया कि जनदर्शन सहित कई मंचों पर शिकायतें देने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है, बल्कि उन्हें दबाव और प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों ने यह भी कहा कि दुकानों के नामांतरण और लीज डीड से जुड़े मामले वर्षों से लंबित हैं, जबकि सड़क निर्माण कार्य के कारण कई दुकानें प्रभावित होकर अनुपयोगी हो गई हैं, जिससे उनकी आजीविका पर असर पड़ा है। इसके अलावा बाजार परिसर और बस स्टैंड क्षेत्र में शौचालय, पेयजल, सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर भी नाराजगी जताई गई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।