BSF कॉलोनी में कार की टक्कर से बच्चा गंभीर

ग्वालियर में दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां महाराजपुरा क्षेत्र की BSF कॉलोनी में कार सवार युवकों ने सड़क पर खेल रहे एक बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बच्चा कई फीट ऊपर उछलकर नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। यह पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसे देखकर हर कोई सिहर उठा। घटना शनिवार शाम करीब 4 बजे की है, जब दो बच्चे अपने घर के बाहर टहल रहे थे। तभी तेज रफ्तार कार लहराते हुए आई और एक बच्चे को टक्कर मारते हुए पास के घर से जा भिड़ी। हादसे के बाद कार सवार युवक मौके से फरार हो गए। घायल बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि परिजनों की शिकायत पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।