अपराधी और खाकी का गठजोड़, हिस्ट्रीशीटर ने मंच पर एसडीओपी और टीआई का किया स्वागत
मध्यप्रदेश के दतिया जिले में खाकी और अपराधी के गठजोड़ का मामला सामने आया है, जहां एक सार्वजनिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पुलिस अधिकारियों द्वारा एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश से मंच पर फूल-मालाएं पहनाकर अपना स्वागत करवाने का मामला सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। यह घटना आंबेडकर जयंती के कार्यक्रम के दौरान हुई, जिसमें एसडीओपी आकांक्षा जैन और कोतवाली थाना प्रभारी धीरेंद्र मिश्रा शामिल हुए थे। कार्यक्रम में हिस्ट्रीशीटर दिनेश अहिरवार ने मंच पर पहुंचकर दोनों पुलिस अधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया और इस दौरान उनकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे। हैरानी की बात यह है कि इसी बदमाश का दो दिन पहले ही पुलिस द्वारा जुलूस निकाला गया था, जबकि अब उसी के साथ मंच साझा करने की घटना सामने आई है। मामले के तूल पकड़ने के बाद एसपी मयूर खंडेलवाल ने दोनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिन में जवाब मांगा है।
