उज्जैन में आशा, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मिली ई-साइकिल
डॉ. मोहन यादव मंगलवार को उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को इलेक्ट्रिक साइकिल वितरित की। यह ई-साइकिल एक कंपनी की कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) निधि के तहत उपलब्ध कराई गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे बहनों को अपने कार्यों में काफी सुविधा मिलेगी और पेट्रोल-डीजल पर होने वाला खर्च भी बचेगा, साथ ही ई-साइकिल आज के समय में एक उपयोगी विकल्प बनकर उभर रही है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बताया कि उज्जैन में अलग-अलग जिलों से आई महिलाओं को यह साइकिल दी गई है, जो उनके दैनिक कार्यों में मदद करेगी। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए कहा कि देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और सुशासन की मिसाल कायम हुई है। मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से प्रार्थना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आगे भी देश की सेवा करते रहें और लाभार्थी महिलाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
