CHHATTISGARHCRIME

एसीबी ने साजा में पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार

जिले के साजा ब्लॉक मुख्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी ओंकार सुनवानी को 15 हजार रुपए नगद रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। जानकारी के अनुसार, ग्राम केंद्र निवासी किसान नरोत्तम अपने जमीन संबंधी कार्य के लिए लंबे समय से पटवारी कार्यालय के चक्कर लगा रहा था। आरोप है कि काम कराने के एवज में पटवारी ने 30 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी, जिसमें पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपए देने की बात तय हुई थी।

किसान ने इसकी शिकायत एसीबी से की, जिसके बाद टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया। जैसे ही किसान ने तय रकम 15 हजार रुपए पटवारी को दिए, उसी समय एसीबी की टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। फिलहाल आरोपी पटवारी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।