बांधवगढ़ में बाघ के हमले में महिला की मौत, हाथी का रेस्क्यू
Bandhavgarh Tiger Reserve और उसके आसपास के इलाकों से दो बड़ी घटनाएं सामने आई हैं, जिन्होंने वन्यजीव-मानव संघर्ष और वन विभाग की चुनौतियों को फिर उजागर कर दिया है। पनपथा रेंज के खेरवा टोला गांव में तड़के एक बाघ जंगल से निकलकर आबादी वाले क्षेत्र में घुस आया और एक-एक कर दो घरों में जा पहुंचा। इस दौरान बाघ के हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे वन विभाग के रेंजर पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और उन्हें मानपुर अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। वन विभाग के फील्ड डायरेक्टर अनुपम सहाय ने बताया कि सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम को रवाना कर दिया गया और बाघ को नियंत्रित करने की कोशिश जारी है। वहीं दूसरी ओर, बांधवगढ़ के खितौली वन परिक्षेत्र से एक राहतभरी खबर भी सामने आई है। Shahdol जिले के केशवाही क्षेत्र में कई दिनों से घूम रहे जंगली हाथी E-5 का सफल रेस्क्यू कर लिया गया। वन विभाग की टीम ने चार दिनों की कड़ी मेहनत के बाद हाथी को सुरक्षित पकड़कर उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया और फिर उसे जंगल में छोड़ दिया। हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए उसके गले में सैटेलाइट कॉलर लगाया गया है, जिससे उसकी रियल-टाइम ट्रैकिंग की जा सकेगी। इस कार्रवाई के बाद शहडोल क्षेत्र के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
