खैरागढ़ इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय अब ‘राजकुमारी इंदिरा सिंह’ के नाम पर
खैरागढ़ स्थित देश के प्रतिष्ठित इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय का नाम अब आधिकारिक रूप से बदलकर “राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय” किए जाने को राज्य शासन ने मंजूरी दे दी है। यह निर्णय राज्यपाल एवं कुलाधिपति के सुझाव के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा आवश्यक दस्तावेज और प्रक्रियाएं पूरी कर शासन को भेजे गए प्रस्ताव के आधार पर लिया गया, जिसे सामान्य प्रशासन विभाग ने 21 मई को स्वीकृति प्रदान की। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि यह कदम केवल नाम परिवर्तन नहीं, बल्कि खैरागढ़ राजपरिवार की ऐतिहासिक भूमिका और सांस्कृतिक योगदान को स्थायी सम्मान देने की पहल है। कुलपति प्रो.(डॉ.) लवली शर्मा ने शासन और राज्यपाल के प्रति आभार जताते हुए इसे संस्थान की गौरवशाली परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर को नई पहचान देने वाला निर्णय बताया है, जबकि राजपरिवार की ओर से भी इस फैसले का स्वागत किया गया है।
