साढ़े सात करोड़ की नहर परियोजना में बड़ी खामियां, गुणवत्ता पर सवाल

Dongargarh क्षेत्र में देवकट्टा जलाशय से बेलगांव तक बनाई गई करीब 7.5 करोड़ रुपये की नहर परियोजना में गंभीर तकनीकी खामियां सामने आने से हड़कंप मच गया है। ताजा निरीक्षण में नहर लाइनिंग की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं, जहां कई स्थानों पर निर्धारित 4 इंच की बजाय केवल 2 इंच से भी कम मोटाई पाई गई। कमजोर कंक्रीट और घटिया निर्माण के कारण महज डेढ़ साल में ही लाइनिंग उखड़ने लगी है और कई जगह बेस लेयर खुल जाने से नहर की स्थिति टूटी-फूटी नाली जैसी नजर आ रही है। जगह-जगह सिल्ट और कचरा जमा होने से जल प्रवाह भी प्रभावित हो रहा है। इसके साथ ही माइनर नहरों में भी लापरवाही सामने आई है, जहां किनारों की फिलिंग अधूरी और कंपैक्शन कमजोर पाए जाने से बारिश में कटाव का खतरा बढ़ गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय अधिकारियों ने मौके पर निरीक्षण किया और ठेकेदार को फटकार लगाते हुए सुधार के निर्देश दिए हैं, साथ ही कुछ हिस्सों में मरम्मत कार्य भी शुरू करा दिया गया है।