आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे में डबल डेकर बस-कंटेनर में भिड़ंत, 22 घायल

उन्नाव। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के रघुरामपुर में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे में डबल डेकर बस और कंटेनर में टक्कर हो गई। इस हादसे में 22 लोग घायल हो गए हैं। ये सभी इंटरसिटी एक्सप्रेस बस में सवार थे। बताया जा रहा है कि चालक को झपकी आने से बस कंटेनर से जा टकराई।
जानकारी के मुताबिक हादसे के वक्त बस में 40 यात्री सवार थे। बस चालक मंजीत कुमार दिल्ली से 40 यात्रियों को लेकर आजमगढ़ जा रहा था। सुबह 6 बजे भारी वाहन लेन में चल रहे ट्रेलर को ओवरटेक करने के दौरान ट्रेलर में घुस गई। इससे बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में घायल यात्रियों को बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद 10 घायलों को घर भेज दिया गया, जबकि 6 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। अन्य घायलों का इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त बस को हटवाकर बांगरमऊ टोल प्लाजा में खड़ी है। यातायात को सुचारू कर दिया गया है।