CHHATTISGARHCRIME

अबूझमाड़ में नक्सलियों का 1 करोड़ से ज्यादा नकद और हथियार बरामद

छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र बॉर्डर पर नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है, जहां मंगलवार को संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सल डंप का भंडाफोड़ किया गया। इस कार्रवाई में नारायणपुर पुलिस, डीआरजी, आईटीबीपी और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने जंगल में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद की, जिसमें 1,01,64,000 रुपये से अधिक नकद राशि के साथ-साथ AK-47, SLR, इंसास और 303 रायफल सहित कई हथियार, उनके मैग्जीन और सैकड़ों जिंदा कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा बीजीएल सेल, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर, नक्सल वर्दी, वॉकी-टॉकी और अन्य संचार उपकरण भी जब्त किए गए हैं। सुरक्षा बलों के अनुसार पिछले एक महीने में अबूझमाड़ के जंगलों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, जिसके तहत बड़ी संख्या में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद हो रही है। नारायणपुर एसपी रोबिनसन गुड़िया ने बताया कि वर्ष 2025-26 में अब तक 270 से अधिक हथियार जब्त किए जा चुके हैं, जो नक्सल नेटवर्क पर सुरक्षा बलों की मजबूत पकड़ और क्षेत्र में बढ़ती शांति की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।