शौचालय की जर्जर दीवार गिरने से मासूम की मौत, दूसरा गंभीर

अंबागढ़ चौकी। अंबागढ़ चौकी विकासखंड के ग्राम पंचायत बाघनारा में रविवार को गांव के बच्चे डंडा-पिचरंगा खेल रहे थे। इसी दौरान एक पुराने और जर्जर शौचालय की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। जिसकी चपेट में दो बच्चे आ गए। इस हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई। वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जर्जर शौचालय की दीवार ढहने से ओमेन्द्र नुरेसिया पिता भीम राज 10 वर्ष निवासी ग्राम बाघनारा के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में हर्ष सलामे पिता हेमलाल सलामे गंभीर रूप से घायल हो गया है। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। इस घटना से गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।