मालधक्का क्षेत्र में नकली उत्पादों की बिक्री पर कार्रवाई
बिलासपुर के मालधक्का क्षेत्र में नकली उत्पादों की बिक्री का बड़ा मामला सामने आया है, जहां हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी के नाम पर डुप्लीकेट चायपत्ती और सर्फ एक्सेल पाउडर बेचे जाने का खुलासा हुआ है। बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश पर नियुक्त एडिशनल स्पेशल रिसीवर ने पुलिस के साथ महादेव जनरल स्टोर्स के गोदामों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में नकली सामान जब्त किया। कार्रवाई के दौरान सर्फ एक्सेल के हजारों पैकेट और रेड लेबल चाय के पैकेट बरामद हुए, जिन्हें नामी ब्रांड के रैपर में पैक कर बाजार में बेचा जा रहा था। यह कार्रवाई हाईकोर्ट में दायर उस याचिका के बाद की गई, जिसमें कंपनी ने अपने ब्रांड के डुप्लीकेट उत्पादों पर रोक लगाने की मांग की थी। फिलहाल जब्त सामान को सील कर सुरक्षित रखा गया है और इस मामले की अगली सुनवाई 8 मई को बॉम्बे हाईकोर्ट में होगी।
