होली पर शांति व्यवस्था सख्त: क्राइम ब्रांच ने 70 से अधिक बदमाशों को किया तलब, दी कड़ी चेतावनी
रायपुर : होली के त्यौहार को ध्यान में रखते हुए शहर में सुरक्षा और शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशानुसार अपराधियों पर नकेल कसने और संभावित आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) संदीप मित्तल, उप पुलिस अधीक्षक (क्राइम) संजय सिंह और प्रभारी एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट निरीक्षक परेश कुमार पांडे के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की टीम ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अभियान चलाया। इस दौरान 70 से अधिक चाकूबाजों, हिस्ट्रीशीटरों और अन्य आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों को क्राइम ब्रांच में हाजिर किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने इन सभी अपराधियों की परेड करवाई और सख्ती से चेतावनी दी कि वे होली के दौरान किसी भी प्रकार की हुड़दंगबाजी, मारपीट या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल न हों। उन्हें स्पष्ट रूप से निर्देश दिया गया कि यदि वे किसी भी अपराध में संलिप्त पाए गए तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, पुलिस अधिकारियों ने इन व्यक्तियों से अपील की कि वे अपने संपर्क में आने वाले अन्य अपराधियों और असामाजिक तत्वों की जानकारी भी पुलिस को दें, ताकि समय रहते किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों को भी सतर्क रहने और अपने क्षेत्रों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि पुलिस जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गश्त बढ़ाएगी और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखेगी। पुलिस प्रशासन द्वारा अब तक 470 से अधिक चाकूबाजों, हिस्ट्रीशीटरों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को क्राइम ब्रांच में तलब कर सख्त हिदायत दी जा चुकी है।
होली जैसे बड़े त्यौहार के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने आम जनता से सहयोग की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि त्योहार को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।