दुर्ग नगर निगम में नवनिर्वाचित महापौर और 60 पार्षदों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न

दुर्ग:  दुर्ग नगर पालिक निगम के नवनिर्वाचित महापौर और पार्षदों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आज नगर निगम परिसर में संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं दुर्ग जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद विजय बघेल ने की। समारोह में कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने नव-निर्वाचित महापौर अल्का बाघमार को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। महापौर के शपथ ग्रहण के बाद नगर निगम के 60 नवनिर्वाचित पार्षदों ने वार्ड क्रम के अनुसार 10-10 के समूह में शपथ ली।

इस आयोजन में प्रदेश और शहर के कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। पूर्व सांसद सरोज पाण्डेय, विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, ललित चंद्राकर, गजेंद्र यादव और रिकेश सेन सहित कई वरिष्ठ नेता समारोह में शामिल हुए। पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल और सुरेंद्र कौशिक ने भी नव-निर्वाचित नगर निगम टीम को शुभकामनाएं दीं।

शहर की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक सहयोग के लिए आईजी आर.जी. गर्ग, एसपी जितेंद्र शुक्ला, एडीएम अरविंद एक्का, नगर निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल और एसडीएम हरवंश सिंह मिरी भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे। नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में नगरवासियों ने भी इस समारोह में भाग लिया।

शहर के विकास को नई दिशा देने के लिए नव-निर्वाचित महापौर और पार्षदों ने जनता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर नागरिकों ने नगर निगम के विकास कार्यों में तेजी लाने और शहर की बुनियादी समस्याओं के समाधान की उम्मीद जताई। समारोह के दौरान पूरे परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला, जहां नगरवासियों ने नए नेतृत्व को बधाई देते हुए विकास कार्यों में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद जताई।