बिलासपुर नगर निगम को मिली नई महापौर, पूजा विधानी ने 12वें मेयर के रूप में शपथ ग्रहण की
बिलासपुर : बिलासपुर नगर निगम की नव निर्वाचित महापौर पूजा विधानी ने आज अपने पद की शपथ ग्रहण कर ली, जिसके साथ ही नगर निगम के सभी 70 पार्षदों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली। इस भव्य समारोह का आयोजन मुंगेली नाका मैदान में किया गया, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू और छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस शपथ ग्रहण समारोह के साथ ही बिलासपुर को अपनी दूसरी महिला महापौर मिली, इससे पहले 10 साल पहले वाणी राव ने बतौर पहली महिला मेयर पदभार संभाला था।
इस बार के नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जबरदस्त प्रदर्शन किया, जिसमें 70 वार्डों में से 49 वार्डों पर भाजपा ने जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस को केवल 18 वार्डों में ही सफलता मिली। वहीं, तीन निर्दलीय प्रत्याशी भी पार्षद चुने गए। पूजा विधानी के चुनाव के साथ ही बिलासपुर में अब तक भाजपा के कुल पांच महापौर बन चुके हैं, जबकि कांग्रेस की ओर से सात बार महापौर चुने जा चुके हैं।
इस चुनाव का एक दिलचस्प पहलू यह भी रहा कि शहर की पहली महिला महापौर वाणी राव, जिन्होंने 2009 में कांग्रेस से चुनाव जीतकर इतिहास रचा था, अब भाजपा में शामिल हो चुकी हैं। उनके इस राजनीतिक परिवर्तन के बाद शहर की राजनीति में नए समीकरण देखने को मिल रहे हैं।
पूजा विधानी के नेतृत्व में अब शहर के विकास को गति देने की चुनौती होगी। भाजपा के लिए यह जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि इससे पहले कांग्रेस का लंबे समय तक नगर निगम में दबदबा रहा है। अब भाजपा ने नगर निगम में बहुमत हासिल कर लिया है, जिससे शहर में विकास योजनाओं को लागू करने और नई परियोजनाओं पर काम करने के अवसर मिलेंगे। आने वाले समय में देखना दिलचस्प होगा कि पूजा विधानी अपने कार्यकाल में बिलासपुर के इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रशासनिक व्यवस्था में किस तरह के बदलाव लाती हैं।