मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने डॉ. मनमोहन सिंह को अर्पित श्रद्धांजलि, कहा – संसद में उनके साथ कार्य करना मेरे लिए सौभाग्य की बात थी

रायपुर:  छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह का संपूर्ण जीवन सेवा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक रहा है। मुख्यमंत्री साय ने इस बात पर गर्व व्यक्त किया कि सांसद रहते हुए उन्हें डॉ. मनमोहन सिंह से बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि उनकी विद्वता, सरलता और सार्वजनिक जीवन में उनकी भूमिका अतुलनीय रही है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस वक्तव्य को भी याद किया, जो उन्होंने राज्यसभा में डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल की समाप्ति पर दिया था। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह ने अपने दायित्वों के प्रति अटूट समर्पण दिखाया था, यहां तक कि व्हीलचेयर पर रहते हुए भी एक महत्वपूर्ण बिल पर मतदान करने के लिए सदन पहुंचे थे। यह लोकतंत्र और संसदीय दायित्वों के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

डॉ. मनमोहन सिंह का योगदान केवल प्रधानमंत्री के रूप में ही नहीं, बल्कि रिजर्व बैंक के गवर्नर, वित्त मंत्री और अर्थशास्त्री के रूप में भी अविस्मरणीय रहा है। उन्होंने भारत की आर्थिक नीतियों को नई दिशा दी और वैश्विक मंच पर देश की साख बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। छत्तीसगढ़ के विकास से भी उनकी कई स्मृतियां जुड़ी हुई हैं, जिन्हें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह का सादा जीवन और उच्च विचार सभी जनसेवकों के लिए प्रेरणास्रोत है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने डॉ. मनमोहन सिंह को पुनः श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और कहा कि उनका योगदान और उनकी स्मृतियां देशवासियों के दिलों में सदैव जीवित रहेंगी।