छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र, तीसरे दिन नक्सल मुठभेड़ पर हंगामे के आसार
रायपुर । छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र 2024 की शुरुआत सोमवार 16 दिसंबर से हो गई है. आज शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन सदन में हंगामे के आसार हैं. आज सदन में नक्सल मुद्दों और वनाधिकार पट्टे समेत कई मामलों को लेकर पक्ष विपक्ष में तीखी बहस भी हो सकती है.
गुरुवार को छग विधानसभा की कार्यवाही शुरू होती ही डिप्टी सीएम विजय शर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े और लोक स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल अपने विभाग से जुड़े सवालों के जवाब प्रस्तुत करेंगे. आज विपक्ष स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा की मांग कर सकती है.
वनाधिकार को लेकर ध्यानाकर्षण : इसके बाद वित्तमंत्री ओपी चौधरी, पिछड़ा वर्ग व अल्पसंख्यक विकास मंत्री रामविचार नेताम और राजस्व व आपदा मंत्री टंकराम पत्रों को पटल पर रखेंगे. इसके बाद पुन्नूलाल मोहले नेशनल हाइवे 130 (अ) से प्रभावितों को मुआवजा नहीं देने और भूपेश बघेल बस्तर संभाग अंतर्गत वनाधिकार पट्टा नहीं देने को लेकर ध्यानाकर्षण करेंगे. इसके बाद अलग अलग विषयों से जुड़ी 7 याचिकाएं सदन के पटल पर रखी जाएगी.
शीतकालीन सत्र के पहले दिन सदन में गलत तरीके से पट्टा वितरण और सरकारी जमीन में कब्जा करने के मुद्दे पर चर्चा हुई. वहीं, दूसरे दिन जल जीवन मिशन के कार्यों में लापरवाही की शिकायतों और स्मार्ट सिटी परियोजना रायपुर को लेकर सवाल जवाब हुए।
