रिटायर्ड बीएसपी कर्मी से 80 लाख की धोखाधड़ी, पत्नी और साले ने पति को लगाई चपत

दुर्ग  | भिलाई में बीएसपी के रिटायर्ड कर्मी से उसकी पत्नी और साले द्वारा 80 लाख की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है| प्रार्थी ने सुपेला थाने में रिटायरमेंट के बाद मिले 80 लाख रुपए को कई योजनाओं में इनवेस्ट करने झांसा देखर ठगी करने की शिकायत दर्ज कराई है| इस केस में कोर्ट के आदेश पर सुपेला पुलिस ने आरोपी तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है|

इनवेस्ट करने का झांसा देकर की धोखाधड़ी : भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि सेक्टर 6 निवासी प्रार्थी नटराज मुदलियार 31 अगस्त 2019 को बीएसपी में सिनियर टेक्निशन के पद से रिटायर्ड हुआ| रिटायरमेंट के बाद मिले 80 लाख रुपए को प्रार्थी ने बैंक ऑफ इंडिया की शाखा सुपेला में जमा कराया था| इस ब्रांच में नटराज मुदलियार और उसकी पत्नी राजकुमारी मुदलियार उर्फ मीना का ज्वाइंट खाता था|

पति के खाते से 80 लाख रुपये किया पार : प्रार्थी नटराज ने बताया कि उसकी पत्नी और साला गोविन्द स्वामी उसे पैसे को अलग अलग स्कीमों में निवेश करने का झांसा दिया| उनकी बातों में आकर उसने अलग अलग चेक पर पत्नी राजकुमारी के हस्ताक्षर लेकर साले गोविंद स्वामी को दे दिए| इस बीच प्रार्थी नटराजन 9 सितंबर 2019 को अपने ज्वाइंट अकाउंट से कुछ पैसे निकालकर अपनी मां के खाते में ट्रांसफर करने के लिए बैंक पहुंचा| बैंक में उसे पता चला कि उसके बैंक खाते में कुछ भी रकम नहीं है|

बैंक मैनेजर पर भी मिलीभगत का आरोप : प्रार्थी नटराज के पूछताछ करने पर पता चला कि उसकी पत्नी राजकुमारी मुदलियार और साले गोविंद स्वामी ने पूरी रकम उसको बताए बगैर ट्रांसफर करा लिए| इसके अलावा बैंक से भी रकम ट्रांसफर करने के संबंध में कोई एसएमएस नहीं किया गया| रकम मिलने के बाद उसकी पत्नी और साला चेन्नई चले गए| इससे प्रार्थी नटराज ने तात्कालीन बैंक मैनेजर से मिलीभगत कर पत्नी और साले द्वारा धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है|

बीएसपी के रिटार्यड कर्मी नटराज मुदलियार ने माननीय न्यायालय में परिवाद पत्र दायर किया कि रिटार्यरमेंट के बाद जो 80 लाख रूपए इनको मिले हैं| उस रकम को बैंक ऑफ इंडिया के तात्कालीन बैंक मैनेजर लोकेश परमानी से मिलीभगत कर उसकी पत्नी मीना मुदलियार और साले गोविंद स्वामी ने निकाल लिए है| इस रकम को अलग अलग जगहों पर कथित रूप से निवेश कर दिया है : सत्यप्रकाश तिवारी, सीएसपी, भिलाई नगर

पत्नी और साले के खिलाफ केस दर्ज : इस केस में न्यायालय के आदेश पर सुपेला पुलिस ने प्रार्थी की पत्नी, साले और तात्कालीन बैंक मैनेजर के खिलाफ धारा 420, 406, 120बी के तहत केस दर्ज किया है| पुलिस इस केस की जांच पड़ताल में जुट गई है| जांच के बाद दोषियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी|