नक्सलियों ने आंगनबाड़ी सहायिका की हत्या, घर घुसकर उतारा मौत के घाट
रायपुर | छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने घर में घुसकर बेटे के सामने आंगनबाड़ी सहायिका को मार डाला। नक्सलियों ने उस पर पुलिस की मुखबिरी करने का आरोप लगाया है। पिछले 3 दिन में माओवादियों ने मुखबिरी के शक में यह तीसरी हत्या की है। मामला बासागुड़ा थाना है
जानकारी के मुताबिक, आंगनबाड़ी सहायिका लक्ष्मी पदम तिम्मापुर गांव की रहने वाली थी। शुक्रवार देर रात सादे कपड़ों में नक्सली उसके घर पहुंच गए। महिला की पिटाई करने लगे। महिला का बेटा भी घर में ही था। उसकी भी पिटाई की गई। जिसके बाद महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी।
शव के पास फेंका पर्चा
हत्या के बाद नक्सलियों ने शव के पास पर्चा भी फेंका है। जिसमें नक्सल संगठन के भैरमगढ़ एरिया कमेटी ने हत्या की जिम्मेदारी ली है। पर्चा में लिखा है कि, इसे पहले भी समझाइश दी गई थी, लेकिन मानी नहीं। पुलिस से लगातार संपर्क में थी। सूचना देने का काम करती थी। इसलिए इसे मौत की सजा दी गई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
जिस जगह हत्या हुई है, वहां से महज एक किमी की दूरी पर ही फोर्स का कैंप है। वहीं, हत्या की जानकारी पुलिस को दी गई है। बताया जा रहा है कि, पुलिस गांव में पहुंच चुकी है। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है।